- उज्जैन, न्यूज़, शहर

उज्जैन में बंजारा समाज ने दोहरे हत्याकांड से आरोपियों के नाम हटाने की मांग रखी

Spread the love

समाज ने पुलिस पर ₹50 लाख मांगने और मारपीट का आरोप लगाया, पुलिस कंट्रोल रूम पर किया प्रदर्शन

उज्जैन/ उज्जैन में कानीपुरा रोड स्थित लक्की दरबार ढाबे पर 26-27 अगस्त की रात राहुल दरबार और जितेंद्र ठाकुर की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है।
गुरुवार को बड़ी संख्या में बंजारा समाज के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सीएसपी श्वेता गुप्ता को एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर सोनू कछावा उर्फ सोनू बंजारा और अनिल बंजारा को मामले में निर्दोष बताते हुए जांच की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सोनू कछावा ने 28 सितंबर को पत्नी और बहन के साथ चिमनगंज थाने में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद उसे थाने में बैठाकर रखा गया और रात में उसके साथ मारपीट की गई। परिजन का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने केस से नाम हटाने के लिए 50 लाख रुपए मांगे। रुपए नहीं देने पर सोनू के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई।
वर्तमान में उसका इलाज चलने की बात ज्ञापन में कही गई है। समाज ने सोनू और अनिल की भूमिका की जांच के लिए सिविल अस्पताल, लकी ढाबे और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ आरोपियों की टावर लोकेशन की जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन में पुलिसकर्मियों के नाम भी बताए गए हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
सीएसपी ने कहा- जांच के बाद कार्रवाई होगी

सीएसपी श्वेता गुप्ता ने बताया कि बंजारा समाज ने डबल मर्डर के मुख्य आरोपी सोनू बंजारा की घटना के समय मौजूदगी को लेकर शिकायत की है। समाज ने कुछ तथ्य पुलिस के सामने रखे हैं। इन तथ्यों की जांच की जाएगी और जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।