प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय माधव महाविद्यालय द्वारा राज्य स्तरीय पुरुष बेडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन संपन्न

उज्जैन/ मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय माधव महाविद्यालय, उज्जैन द्वारा द्विदिवसीय राज्य स्तरीय बैडमिंटन (पुरुष) प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामयी उद्घाटन समारोह राजमाता सिंधिया स्टेडियम, उज्जैन में संपन्न हुआ । कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन, राष्ट्रीय गीत तथा तदुपरान्त माधव महाविद्यालय गान की मधुर प्रस्तुति के साथ विधिपूर्वक संपन्न हुआ ।
समारोह के स्वागत क्रम में अतिथियों का अभिनन्दन प्रतीक चिह्न एवं शॉल अर्पित कर किया गया । कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों में नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, उज्जैन जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, म.प्र. वक्फ बोर्ड के चेयरमैन एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ सनवर पटेल , पूर्व रजिस्ट्रार श्री मंडेरिया, भोज मुक्त विश्वविद्यालय , प्रो. प्रशांत पौराणिक, प्राचार्य, शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय उज्जैन, वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी आर. के. कौरव , शासकीय महाविद्यालय उन्हेल तथा क्रीड़ा अधिकारी प्रशांत सूर्यवंशी, शासकीय विधि महाविद्यालय उज्जैन उपस्थित रहे । कार्यक्रम में तकनीकी विशेषज्ञों, तथा छिंदवाड़ा, रीवा, खरगोन, गुना, उज्जैन, इंदौर , भोपाल, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर, ग्वालियर और शहडोल संभाग की टीमें मौजूद रहीं । इसमें पधारे कोच, क्रीड़ा अधिकारियों एवं उज्जैन संभाग के समस्त क्रीड़ा अधिकारियों सहित मुख्य रेफरी जितेंद्र डागर का भी भव्य स्वागत किया गया । तत्पश्चात, प्रतियोगिता में भाग ले रहे समस्त संभागों के प्रतिभागियों एवं खिलाड़ियों द्वारा एक अनुशासित मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया गया ।
अतिथियों के स्वागत एवं विषय प्रवर्तन हेतु स्वागत भाषण महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. कल्पना वीरेंद्र सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया । डॉ सिंह ने कहा कि हम अपने अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हैं । इसके पश्चात सनवर पटेल ने अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उज्जैन के सांस्कृतिक एवं खेल परिदृश्य का अभूतपूर्व चहुंमुखी विकास हो रहा है । उन्होंने खिलाड़ियों को सद्भावना एवं निष्ठापूर्वक खेलने हेतु प्रेरित किया । तत्पश्चात श्रीमती कलावती यादव ने अपने आशीर्वचन दिए और बालकों के मलखंभ प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की । उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के शब्दों को उद्घाटित करते हुए कहा कि खेलों के मैदान से ही स्वस्थ समाज एवं स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण होता है । उन्होंने बताया कि बैडमिंटन का खेल एकाग्रता, लक्ष्य-साधन तथा स्फूर्ति का खेल है, और वर्तमान में शासन द्वारा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने हेतु समस्त उत्कृष्ट सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं ।
कार्यक्रम में लोकमान्य सांस्कृतिक न्यास के बाल कलाकारों द्वारा भारत के पारम्परिक देशी खेल मलखंभ एवं योगासन का अत्यंत सुंदर एवं मनमोहक प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया, जिसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की गई ।
कार्यक्रम का संचालन डॉ रीना अध्वर्यु द्वारा किया गया । अंत में महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी नवीन कोरट द्वारा उपस्थित समस्त अतिथियों, प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं खिलाड़ियों के प्रति आभार प्रदर्शन किया गया । तत्पश्चात अतिथियों द्वारा कोर्ट पर बैडमिंटन खेलकर प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की गई ।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु महाविद्यालय के डॉ बीएस अखंड, डॉ मंसूर खान, डॉ दिनेश जोशी, डॉ नीलिमा वर्मा, डॉ रफ़ीक नागौरी, डॉ. संगीता वत्स, डॉ पी एस परमार, डॉ नलिनी तिलकर, डॉ ममता पवार, डॉ सीमाबाला आवास्या, डॉ आयुषी सूर्यवंशी, डॉ राहुल चौधरी, डॉ शैलजा साबले, डॉ अंजना खेर, सुश्री सलोनी पवार, मोहनसिंह मुझाल्दा, महेंद्रसिंह पोर्ते, डॉ रूबीना अर्शी, डॉ मोहित पांचाल, डॉ संदीप लांडे और डॉ संजय बघेल का विशेष योगदान रहा ।













