- उज्जैन, न्यूज़, शहर

दूसरे दिन फिर खूनी मंजर, ट्रैक्टर एजेंसी संचालक यश मित्तल की हत्या

Spread the love

उज्जैन / कल वर्चस्व की लड़ाई के चलते उज्जैन में दो लोगों की हत्या का मामला पुलिस अभी सुलझाने में लगी हुई थी कि गुरुवार की देर रात एक और खूनी हिंसक वारदात हुई। बीच रास्ते में वाहन खड़े कर युवको से साईड देने के लिए हार्न बजाना 3 दोस्तो को भारी पड़ गया। सड़क पर खड़े बदमाशों ने तीनों युवकों पर हमला बोल दिया जिसके परिणाम स्वरूप यश मित्तल नामक ट्रैक्टर एजेंसी के संचालक की हत्या हो गई और उसके दोनों मित्र गंभीर रूप से घायल हो गए।  पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना दमदमा क्षेत्र की है। ऋषि नगर एक्सटेंशन निवासी यश मित्तल उम्र 27 वर्ष अपने दो दोस्त अभय व्यास और मंगल के साथ देर रात कार से यहाँ से जा रहा था, दमदमा मोड़ के पास कुछ युवक अपनी गाड़ी लेकर रास्ते में खड़े थे। यश और उसके दोस्तों ने रास्ता खाली करने के लिए हॉर्न बजाया, लेकिन यही बात विवाद का कारण बन गया और देखते ही देखते सड़क पर रास्ता रोक कर खड़े युवको ने कार सवार यश तथा उसके दोस्तों पर हमला बोल दिया। घटना में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी इस घटना को अंजाम देने के साथ ही यश को अपने साथ ले गए। घटना में घायल दोनों दोस्तो ने पुलिस को जानकारी दी । लेकिन यश मित्तल का कहीं पता नहीं चला आज सुबह उसका शव जिला पंचायत कार्यालय के समीप दमदमा में पड़ा मिला। उसके शरीर पर चाकू से किए गए कई वारों के निशान बताए जा रहे हैं। वहीं घायल अभय व्यास और मंगल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यश मित्तल मूल रूप से तराना का रहने वाला था और उज्जैन में अपने माता-पिता के साथ रहकर चिमनगंज मंडी क्षेत्र में ट्रैक्टर एजेंसी का संचालन करता था।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आयुष शर्मा, विजय सिंह ठाकुर, विशाल ठाकुर, आकाश, करण, सागर, शटू समेत अन्य युवकों के नाम सामने आने के बाद चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।