
उज्जैन। बैकुण्ठ चतुर्दशी के अवसर पर 22 नवम्बर 2026 की रात्रि में आयोजित होने वाले हरिहर मिलन समारोह के दौरान भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी मार्ग पर आतिशबाजी एवं हिंगोट रॉकेट चलाने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है।
कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति रोशन कुमार सिंह द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163(1) के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार सवारी के दौरान आतिशबाजी एवं हिंगोट रॉकेट का उपयोग, चलाना, निर्माण करना, विक्रय करना एवं संधारण करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
उल्लेखनीय है कि हरिहर मिलन के दौरान महाकाल मंदिर से रात्रि लगभग 11 बजे भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी कोट मोहल्ला, गुदरी एवं सराफा मार्ग से होते हुए गोपाल मंदिर पहुंचेगी। इस दौरान सवारी मार्ग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहते हैं। आतिशबाजी एवं हिंगोट रॉकेट से श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।















