उज्जैन/ चिमनगंज मंडी थाना अंतर्गत कानीपुरा रोड पर स्थित दरबार के ढाबे पर वर्चस्व की लड़ाई के चलते दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना में करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष सहित दो लोगों की हत्या होने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कानीपुरा रोड स्थित लकी दरबार ढाबे के संचालक राहुल दरबार और उसके साथी जितेंद्र पवार का विवाद करणी सेना में वर्चस्व की लड़ाई के चलते खूनी घटनाक्रम में तब्दील हो गया। इस घटना में करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल दरबार और जितेंद्र पवार की हत्या होने की जानकारी मिली है। हिंसक खूनी संघर्ष में दो लोगों की हत्या हो जाने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और मृतकों के समर्थक घटनास्थल पर जमा होने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल पहुंचाया है जहां पर हजारों की संख्या में भीड़ जमा देखी जा रही है। घटना की जानकारी लगते ही वरिष्ठ अधिकारी दलबल के साथ घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंच चुके हैं। प्रारंभिक जांच के साथ ही घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश में पुलिस जुट चुकी है।












