- उज्जैन, धार्मिक, शहर

विश्व शांति के लिए नवकार महामंत्र की गूंज, आठ दिवसीय महाआराधना महोत्सव का शुभारंभ

Spread the love

उज्जैन। खाराकुआं स्थित आचार्य विजयहीर सूरिश्वरजी बड़े उपाश्रय में उपेंद्रश्रीजी महाराज साहब आदि ठाणा की मंगल निश्रा में रविवार से आठ दिवसीय महाआराधना महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ हुआ। विश्व शांति, मानव कल्याण और समस्त जीवों के मंगल की भावना से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया तथा सामूहिक रूप से अनुष्ठान नवकार महामंत्र का जाप किया।
इस अवसर पर साध्वी महाराज साहब ने अपने प्रवचन में नवकार महामंत्र की महिमा बताते हुए कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पंच परमेष्ठी के गुणों की आराधना का महामंत्र है। उन्होंने कहा कि नवकार महामंत्र सभी मंत्रों में श्रेष्ठ है। इसके नियमित जाप से मन की शुद्धि, आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा जीवन में आने वाले अनेक कष्टों और बाधाओं से उबरने की शक्ति प्राप्त होती है।
कार्यक्रम में आज के अभिषेक का लाभ श्री संजय कुमार एवं श्री विमल कुमार भंडारी परिवार ने प्राप्त किया। 108 दीप प्रज्वलन का लाभ श्री विमल कुमार एवं श्री अंशुल कुमार पगारिया परिवार ने लिया, जबकि संघ पूजन का लाभ श्री मुकेश कुमार एवं श्री चिराग कुमार जिंदाणी परिवार को प्राप्त हुआ। श्रद्धालुओं ने गुरु भगवंतों की पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने कलश में अक्षत एवं मंगल सामग्री भरकर अपने घर ले जाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि एवं मानव कल्याण की मंगल कामना की गई।
आज से प्रारंभ हुए आठ दिवसीय महाआराधना महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन प्रवचन, पूजा, अभिषेक, सामूहिक अनुष्ठान नवकार महामंत्र जाप एवं विभिन्न धार्मिक आराधनाओं का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।