बड़ी संख्या में परिजन पहुंचे आईजी कार्यालय*
उज्जैन/ 7 माह के मासूम सार्थक राठौर की संदिग्ध मृत्यु प्रकरण में न्याय की मांग को लेकर आज मृतक के मामा पक्ष के परिवारजन बड़ी संख्या में पुलिस महानिरीक्षक, उज्जैन रेंज कार्यालय पहुंचे। इस दौरान शिवसेना–युवासेना मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिरीक्षक श्री राकेश कुमार गुप्ता से सौजन्य भेंट कर विस्तृत ज्ञापन प्रस्तुत किया। प्रतिनिधिमंडल की ओर से राज्य महासचिव सुनील वर्मा ने पूरे प्रकरण से अवगत कराते हुए निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं वैज्ञानिक जांच की मांग रखी। पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशानुसार ज्ञापन सहायक पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती पार्वती कनेश को सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि प्रकरण की जांच वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष जांच समिति (SIT) द्वारा कराई जाए, लंबित विसरा (एफएसएल) रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त कर जांच को वैज्ञानिक आधार पर आगे बढ़ाया जाए तथा अस्पताल के उपचार अभिलेख, एमएलसी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य उपलब्ध चिकित्सीय एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों का विशेषज्ञ स्तर पर परीक्षण कराया जाए। मृतक बच्चे की माता एवं नाना ने बताया कि मासूम सार्थक का उपचार एक निजी अस्पताल में कराया गया था, जबकि पोस्टमार्टम शासकीय अस्पताल में हुआ। परिजनों का कहना है कि उपचार के दौरान निजी अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें बच्चे के शरीर में जहरीले पदार्थ (पॉइजन) होने की जानकारी दी थी। उनका यह भी कहना है कि बाद में पुलिस को उपलब्ध कराए गए चिकित्सीय विवरण/एमएलसी में पॉइजन का उल्लेख नहीं किया गया, जिससे उनके मन में गंभीर संदेह उत्पन्न हुआ है। उन्होंने इस संबंध में उपलब्ध समस्त चिकित्सीय अभिलेखों एवं जांच प्रक्रिया की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।
परिजनों ने यह भी मांग की कि अस्पताल के उपचार अभिलेख, एमएलसी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विसरा (एफएसएल) रिपोर्ट तथा जांच से संबंधित सभी उपलब्ध दस्तावेजों एवं साक्ष्यों का समन्वित एवं वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाए, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें। साथ ही, जांच प्रक्रिया के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष समीक्षा कर यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अन्य अनियमितता सामने आती है तो विधि अनुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस महानिरीक्षक श्री राकेश कुमार गुप्ता ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जांच अधिकारी से चर्चा की। साथ ही उन्होंने लंबित विसरा (एफएसएल) रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान शिवसेना–युवासेना मध्यप्रदेश के प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी, उज्जैन जिले के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। साथ ही मृतक के मामा पक्ष के परिवारजन, मृतक की माता तथा समाजजन भी उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।शिवसेना ने स्पष्ट किया कि यह ज्ञापन किसी व्यक्ति या संस्था पर आरोप लगाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है।













