उज्जैन । जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम राजाभाऊ महाकाल स्टेडियम, दशहरा मैदान में प्रातः 6:00 बजे से 7:45 बजे तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सहभागिता का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गौतम टेटवाल प्रभारी मंत्री उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार सभी प्रतिभागी प्रातः 6:00 बजे से पूर्व उपस्थित रहेंगे। अतिथिगण प्रातः 6:00 बजे से आगमन शुरू करेंगे तथा उनका उद्घाटन 6:00 से 6:30 बजे तक होगा। इसके पश्चात् 6:30 बजे से कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शुरू होगा।
प्रधानमंत्री का उद्बोधन प्रातः 6:45 बजे से होगा। तत्पश्चात् सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास प्रातः 7:00 बजे से 7:45 बजे तक किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी योग प्रेमियों, स्कूलों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारीगणों एवं आम नागरिकों को इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आमंत्रण दिया है।












