उज्जैन/भोपाल स्थित अजाक्स भवन में कथित अवैध कब्जे और तोड़फोड़ की घटना के विरोध में एवं 12 सूत्रीय मांगों को लेकर अजाक्स संगठन ने शुक्रवार को कोठी पैलेस स्थित कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विधायक, सांसद,स्थानीय जनप्रतिनिधियों के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष डॉ. आर.एल. परमार के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की। संगठन ने आरोप लगाया कि अजाक्स भवन में अवैध प्रवेश, ताला तोड़कर कब्जा, तोड़फोड़, आपराधिक अतिक्रमण, जान से मारने की धमकी, शासकीय शांति व्यवस्था भंग करने तथा साक्ष्य नष्ट करने जैसी घटनाएं हुई हैं। संगठन का कहना है कि न्यायालय में प्रकरण लंबित होने के बावजूद भवन पर जबरन कब्जे का प्रयास किया गया।
डी एल भीलवाड़ा ने बताया कि बार-बार लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। 11-12 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि करीब 12:10 बजे 20 से 25 लोगों का समूह, जिनके चेहरे ढंके हुए थे, गैती, फावड़ा और सब्बल जैसे औजार लेकर वाहनों से अजाक्स भवन पहुंचा। संगठन ने आरोप लगाया कि इस समूह का नेतृत्व मुकेश मौर्य, योगेश दंडोतिया, मोनू मौर्य एवं राजपाल कर रहे थे। आरोपितों ने भवन का मुख्य ताला तोड़कर जबरन प्रवेश किया, चौकीदारों को धमकाया, सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए तथा डीवीआर हटाकर या नष्ट कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। इसके अलावा डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं बिरसा मुंडा के मंच पर लगे चित्रों को क्षतिग्रस्त करने, लोकार्पण, दानदाताओं एवं पदाधिकारियों की पट्टिकाएं उखाड़ने, भवन के सामान एवं अभिलेखों को नुकसान पहुंचाने तथा पदाधिकारियों को जान से मारने की धमकी देकर भवन पर बलपूर्वक कब्जा करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना की तत्काल सूचना पुलिस को दिए जाने के बावजूद समय पर प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया गया। संगठन ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। अजाक्स संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी दिनों में भोपाल में पार्टी स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रांतीय महासचिव महेश विरोलिया, संभाग अध्यक्ष जगन्नाथ बागड़ी, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष दरियाव सिंह गेहलोत, जिला सचिव प्रवीण गहलोत, राजेश सूर्यवंशी ब्लॉक अध्यक्ष गोकुल नागदिया, बालाराम गुजराती, बाबूलाल ऐरवाल,मदनलाल सिंदल, बी एल सिंदल,तूफानसिंह पवार, यूनिसटेंशन, लालूराम मालवीय, मुकेश थावलिया, हीरालाल ऐरवाल, भेरूसिंह परमार आदि की उपस्थिति में ज्ञापन दिया गया।













