- उज्जैन, न्यूज़, शहर

कातीलाना हमले के तीन आरोपी पुलिस द्वारा गिरफ्तार

Spread the love

 

उज्जैन/ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पूर्व आलोक शर्मा तथा नगर पुलिस अधीक्षक जीवाजीगंज श्रीमती पुष्पा प्रजापत के मार्गदर्शन में थाना भैरवगढ़ पुलिस द्वारा हत्या के प्रयास के  प्रकरण में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।

 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक फरियादी अशोक पिता भैरूलाल केवट निवासी भैरवगढ़ द्वारा थाना भैरवगढ़ पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह अपने मित्र अजय सूर्यवंशी, कुलदीप भील एवं दिलीप भूरिया के साथ रात्रि लगभग 12:00 बजे उन्हेल रोड स्थित एक चाय दुकान पर चाय पीने गया था । रात्रि लगभग 12:30 बजे राठौर मेडिकल क्लीनिक, उन्हेल रोड के सामने पहुंचने पर कुनाल केवट अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से वहां आया। आरोपी द्वारा अजय सूर्यवंशी को अपमानित करते हुए अश्लील एवं जातिसूचक गालियां दी गईं। विरोध करने पर आरोपी के दोनों साथियों ने अजय सूर्यवंशी को पकड़ लिया तथा मुख्य आरोपी कुनाल केवट ने जान से मारने की नीयत से चाकू निकालकर अजय सूर्यवंशी पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।घटना के दौरान फरियादी एवं उसके साथियों द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपीगण जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना भैरवगढ़ में अपराध क्रमांक 181/2026 धारा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 109(1), 296(b), 351(3), 3(5)। , अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(v) के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

 

प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस द्वारा आरोपियों की लगातार तलाश, मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संभावित स्थानों पर दबिश दी गई।

इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मुख्य आरोपी कुनाल केवट रामगढ़ तिराहे के पास कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना कारित करना स्वीकार किया।

इसके पश्चात लगातार की गई तलाश एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी धर्मेन्द्र केवट एवं विधि से संघर्षरत बालक को भी आर.के. बंसल स्कूल के पास गरोठ हाईवे क्षेत्र से घेराबंदी कर अभिरक्षा में लिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी कुनाल केवट से घटना में प्रयुक्त चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त डिलक्स मोटरसाइकिल विधिवत जब्त की गई

पुलिस ने इस मामले में. कुनाल चौहान उर्फ कुनाल केवट, पिता मुकेश चौहान, उम्र 30 वर्ष, निवासी दिल्ली दरवाजा भैरवगढ़, हाल निवासी कोली मोहल्ला भैरवगढ़। धर्मेन्द्र केवट, पिता बनेसिंह केवट, उम्र 26 वर्ष, निवासी कबीटखेड़ी, थाना हीरानगर, इंदौर, हाल निवासी पारस नगर, भैरवगढ़। एक विधि से संघर्षरत बालक (किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।)

थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में उप निरीक्षक महेन्द्र पाल सेन्धव, उप निरीक्षक कविता मंडलोई, सहायक उप निरीक्षक कैलाश चौहान, प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह बैस, आरक्षक लक्ष्मीचन्द्र, आरक्षक मुकेश चौधरी, प्रधान आरक्षक (कार्यवाहक) विजय राठौर एवं शासकीय वाहन चालक की विशेष रूप से सराहनीय भूमिका रही।

उज्जैन पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि अथवा असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें। अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।