- उज्जैन, न्यूज़, शहर

ज्वेलर्स का खाता होल्ड कर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

Spread the love

 

उज्जैन। माधवनगर थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल अपडेट करने के नाम पर लोगों को फर्जी लिंक भेजकर उनके बैंक खातों से रकम उड़ाते थे और ठगी की राशि से ज्वेलर्स के यहां गोल्ड क्वाइन खरीदकर रकम को वैध बनाने का प्रयास करते थे।

मामला तब सामने आया जब 6 जून को घास मंडी चौराहा स्थित डी.पी.के. गोल्ड शोरूम से करीब 95 हजार रुपये की 6 ग्राम गोल्ड क्वाइन खरीदी गई। भुगतान क्यूआर कोड के माध्यम से हुआ, लेकिन कुछ समय बाद शोरूम का बैंक खाता होल्ड हो गया। शिकायत पर माधवनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने होटल हीरा पैलेस से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने उज्जैन के चार ज्वेलर्स शोरूम से साइबर ठगी की राशि से गोल्ड क्वाइन खरीदना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में नर्मदापुरम निवासी कशिश (29), राहुल उर्फ शानू (26) और अनिमेश उर्फ अनुराग उर्फ अन्नी (21) शामिल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य बायनेन्स एप के जरिए USDT ट्रेडिंग करते थे। उनके अन्य साथी राजस्थान, पंजाब और उत्तर प्रदेश के लोगों को फर्जी लिंक भेजकर बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे। ठगी की राशि सीधे ज्वेलर्स के क्यूआर कोड पर ट्रांसफर कर गोल्ड क्वाइन खरीदी जाती थी, जिन्हें बाद में बेचकर नकदी हासिल की जाती थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, फर्जी आईडी कार्ड, गोल्ड खरीद के बिल और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य राज्यों में हुई साइबर ठगी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ जारी है।