- उज्जैन, न्यूज़, शहर

राजस्थान से पश्चिम बंगाल पहुंचाई जा रही करोड़ों की हैरोइन उज्जैन स्टेशन पर नारकोटिक्स की टीम ने की बरामद

Spread the love

उज्जैन। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) ने उज्जैन रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शिप्रा एक्सप्रेस से पश्चिम बंगाल ले जाई जा रही 1.067 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। मामले में राजस्थान के प्रतापगढ़ के रहने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अधिकारी ट्रेन में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ते और तलाशी लेते नजर आ रहे हैं। सीबीएन को सूचना मिली थी कि शिप्रा एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22911) के जरिए बड़ी मात्रा में हेरोइन की तस्करी की जा रही है।
सूचना के आधार टीम ने उज्जैन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और नारकोटिक्स अधिकारियों द्वारा संयुक्त कार्रवाई की। ट्रेन के पहुंचते ही जनरल कोच में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध युवक की पहचान होने पर उसके हैंडबैग की जांच की गई।

बैग से मिली एक किलो से ज्यादा हेरोइन

तलाशी के दौरान बैग में छिपाकर रखे गए दो पैकेटों से 1.067 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब सवा करोड़ रुपए आंकी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी रमेश चंद्र के रूप में हुई है।जो कि उक्त खेप पश्चिम बंगाल लेकर जा रहा था

 

गिरोह की तलाश में छानबीन

सीबीएन ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब एजेंसी ड्रग तस्करी मामले से जुड़े अन्य लोगों के सम्बंध में जांच कर रही है। इस मामले में आरोपी से सख्ती के साथ पूछताछ की जा रही है। जिससे पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।