- उज्जैन, न्यूज़, शहर

लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान को लेकर जिला बैठक व दशहरा मिलन समारोह सम्पन्न

Spread the love

पदयात्रा, प्रबुद्धजन गोष्ठी,युवा संवाद के माध्यम से कांग्रेस के आरोपों का जवाब देगी भाजपा

उज्जैन/ भाजपा 23 अक्टूबर से 5 नवंबर तक देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान चलाएगी। अभियान के तहत लोकतंत्र बचाओ भीड़ तंत्र हटाओ पदयात्रा,राष्ट्रीय चिंतन संवाद बौद्धिक संवाद, युवा संवाद छात्राओं की प्रतिस्पर्धा प्रतियोगिता,सोशल मीडिया कार्य योजना सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर कांग्रेस और इंडी गठबंधन की ओर से चुनाव आयोग तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब दिया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला मुख्यालय लोकशक्ति भवन में भाजपा उज्जैन ग्रामीण की जिला बैठक व दशहरा मिलन समारोह सम्पन्न हुआ। इसमें अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर रणनीति बनाई गई।
जिला बैठक में सांसद अनिल फिरोजिया,भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ ,जिला प्रभारी व प्रदेश मंत्री श्रीमती बबीता परमार,विधायक डॉ तेजबहादुर सिंह चौहान, डॉ सतीश मालवीय व जितेंद्र पंड्या तथा भाजपा जिला महामंत्री राकेश यादव,श्याम शर्मा, जिला उपाध्यक्ष व अभियान के जिला टोली संयोजक संदीप व्यास,सहसंयोजक महिपाल सिंह उमठ, अश्विन डिंडोरकर, कृष्णपाल सिंह झाला,विजय चौधरी अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।
जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस झूठ की बुनियाद पर देश में भ्रम का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। जनता को गुमराह करने और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करने के बजाय कांग्रेस को लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे कांग्रेस के आरोपों और दावों के बीच जनता तक सही जानकारी पहुंचाएं। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाकर आमजन को वास्तविक स्थिति से अवगत कराएं। सोशल मीडिया पर भी भ्रामक प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देना जरूरी है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर संपर्क कर अभियान के उद्देश्यों से लोगों को अवगत कराएं। कार्यकर्ताओं की एकजुटता, सक्रियता और जनसंपर्क से संगठन की विचारधारा तथा सरकार की योजनाओं को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सकता है।
सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान के माध्यम से कांग्रेस द्वारा लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर जनता के बीच जाकर भाजपा अपना पक्ष रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयानों से संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लोगों का विश्वास कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस और इंडी गठबंधन की ओर से चुनाव आयोग तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और घर-घर जाकर संपर्क करना होगा।
भाजपा जिला प्रभारी व प्रदेश मंत्री श्रीमती बबीता परमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आपसी समन्वय और एकजुटता पर निर्भर करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जा सकेगा। उन्होंने अभियान की रूपरेखा और इसके तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गजेंद्र परमार ने बताया कि जिला बैठक में पूर्व महापौर व पूर्व विधायक दिवंगत रामेश्वर अखण्ड जी को मौन स्वरूप श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष व अभियान के जिला संयोजक संदीप व्यास ने किया। आभार जिला महामंत्री श्याम शर्मा ने माना।