साध्वी श्री सौम्य वंदना श्रीजी महाराज का भव्य मंगल प्रवेश
उज्जैन। आगर नगर में आयोजित शासन प्रभाविका, मातृ हृदया पूज्य श्री सौम्य वंदना श्रीजी महाराज साहब आदि ठाणा के ‘सौम्य वर्षावास’ के भव्य मंगल प्रवेश समारोह में उज्जैन से श्री जीरावला पार्श्वनाथ नवरत्न भक्तामर मंडल (सूरज नगर) एवं नाकोड़ा मंडल के सदस्य श्रीसंघ के साथ आगर पहुंचे और धर्मलाभ प्राप्त किया।
प्रातः 9 बजे भव्य वरघोड़े (शोभायात्रा) के साथ मंगल प्रवेश हुआ। शोभायात्रा आगर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई प्रवचन स्थल पहुंची, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति-भाव से शामिल हुए।
धर्मसभा में विभिन्न स्थानों से पधारे श्रद्धालुओं ने पूज्य गुरुणी श्रीजी के सौम्य व्यक्तित्व, सरल जीवन एवं आध्यात्मिक प्रेरणा पर अपने विचार व्यक्त किए। स्थानीय आगर श्रीसंघ ने बाहर से पधारे सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अपने मंगल प्रवचन में सौम्य वंदना श्रीजी महाराज ने जिनवाणी का अमृतपान कराते हुए धर्म, संयम, सेवा एवं सदाचार का संदेश दिया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को मांगलिक श्रवण कराकर आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर उज्जैन से श्री जीरावला पार्श्वनाथ नवरत्न भक्तामर मंडल (सूरज नगर) एवं नाकोड़ा मंडल के अध्यक्ष संजय कंवर, संस्थापक अध्यक्ष विनोद जैन (उन्हेल वाले), सचिव कमलेश मारू, अशोक जैन (मिर्ची वाले), अंतिम विनायका, सुभाष पावेचा, दिनेश राठौर, शशि मारू, सरिता कंवर, रीना जैन, ममता जैन सहित अनेक श्रद्धालु आगर पहुंचे और वर्षावास मंगल प्रवेश के पावन अवसर पर धर्मलाभ प्राप्त किया।













