- उज्जैन, धार्मिक, शहर

शरद पूर्णिमा पर भर्तृहरि गुफा से निकला साधु-संतों का चल समारोह

Spread the love

– पीर मत्स्येंद्रनाथ पर चढ़ाई चादर, सुंदरकांड, भजन के बाद रात में बटेगी खीर

उज्जैन/शरद पूर्णिमा पर रविवार को भर्तृहरि गुफा से परंपरागत चल समारोह गादीपति योगी पीर महंत श्री रामनाथ जी महाराज के सानिध्य में निकाला गया जिसमें बड़ी संख्या में नगर के साधु-संत शामिल हुए। इसके पूर्व गुफा में स्थित गुरु मूर्तियों का पूजन-अर्चन किया गया।
ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर के गादीपति महंत महवीर नाथ महाराज ने बताया कि शाम 5 बजे गुफा से विशाल चल समारोह प्रारंभ हुआ। चल समारोह में धार्मिक भजनों की प्रस्तुति देते बैंड, डीजे के साथ ढोल पर अखाड़े के कलाकार, ध्वजाएं शामिल थी। चल समारोह में गुफा से जुड़े साधु-संत व नगर के अखाड़ों व आश्रमों से जुड़े संत-महंत भी शामिल थे। मार्ग में भक्तों ने चल समारोह का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। चल समारोह पीपलीनाका, गढ़कालिका होते हुए पीर मत्स्येंद्रनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचा जहां संतों ने चादर चढ़ाई। इसके पश्चात चल समारोह पुन: विभिन्न मार्गों से होता हुआ गुफा पहुंचकर समाप्त हुआ। इसके पश्चात साधु-संतों ने भंडारे में प्रसादी ग्रहण की। शरद उत्सव के अंतर्गत भर्तृहरि गुफा प्रांगण में देर शाम उज्जैन की प्रसिद्ध मंडली श्री वीर हनुमान भक्त मंडल द्वारा सुंदरकांड व भजन संध्या शुरू हुई। मंडल के महंत पुजारी जस्सू गुरु महाराज के सानिध्य में मंडली ने धार्मिक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। रात 12 बजे गुफा पर खीर प्रसाद का वितरण किया जाएगा।