उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सांखला ने कहा कि कांग्रेस किस मुंह से छात्रों की बात कर रही है, जिसने खुद सत्ता में रहते हुए छात्रों और आम लोगों की हत्याएं कराई हैं। अविभाजित मध्य प्रदेश में कांग्रेस की डीपी मिश्रा सरकार के समय उज्जैन के विक्रम विश्वविद्यालय एवं माधव कॉलेज में छात्रों की हत्या के चलते ही सरकार गिरी थी। इसके बाद राजमाता विजयाराजे सिंधिया और संभाजी राव आंग्रे ने कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंककर लोकतंत्र बचाने के लिए संयुक्त सरकार बनाकर गोविंद नारायण सिंह को मुख्यमंत्री बनवाकर छात्रों की शहादत का बदला लिया था। आज वही कांग्रेस घड़ियाली आंसू बहा रही है।
सुरेंद्र सांखला ने कहा कि आज केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के लिए काम कर रही है। देश में औद्योगिक, गैर-औद्योगिक, कृषि आधारित उद्योग और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। नौकरियों में बिना किसी एप्रोच और सिफारिश के योग्य छात्रों को उनका हक मिल रहा है। छात्रवृत्ति, एजुकेशन लोन, स्किल डेवलपमेंट और स्टार्टअप योजनाओं से लाखों युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के हित में काम कर रही है, लेकिन कांग्रेस आंदोलन के नाम पर छात्रों का इस्तेमाल कर हिंसा और अराजकता फैलाकर देश की छवि खराब कर रही है। भाजपा सरकार छात्रों के साथ खड़ी है। छात्रों को गुमराह करने की कांग्रेस की कोई भी साजिश सफल नहीं होगी।
सांखला ने कहा कि ये वही हत्यारे कांग्रेसी हैं, जिन्होंने अविभाजित मध्य प्रदेश में कांग्रेस के मुख्यमंत्री डीपी मिश्रा के समय बस्तर के महाराज की पूजा करते समय पुलिस से हत्या करवाई थी।













