- उज्जैन, न्यूज़, शहर

कबीर दर्शन से ही संभव है समरस समाज का निर्माण

Spread the love

उज्जैन। अखिल भारतीय बलाई महासभा के तत्वाधान में स्थानीय हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित ‘सतगुरु कबीर ज्ञान संगोष्ठी, भजन संध्या एवं विशाल भंडारा’ कार्यक्रम ऐतिहासिक सफलता के साथ संपन्न हुआ। 19 जुलाई 2026 को शाम 5:00 बजे आरंभ हुए इस समागम में देश के कोने-कोने से आए हजारों कबीर अनुयायियों, सामाजिक चिंतकों और प्रबुद्ध जनों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में जहां एक ओर कबीर साहब के संदेशों पर वैचारिक मंथन हुआ, वहीं दूसरी ओर समाज के गौरवशाली व्यक्तित्वों का भव्य सम्मान और सुरमयी भजनों की प्रस्तुति ने समां बांध दिया।

*संत कबीर के आदर्शों पर चलने का संकल्प*

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय बलाई महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दूदू (जयपुर, राजस्थान) के पूर्व विधायक रहे। उन्होंने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि संत कबीर दास जी का दर्शन ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाकर मानवता का मार्ग दिखाता है। समाज को आज शिक्षित, संगठित और व्यसनमुक्त होने की परम आवश्यकता है।विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित देवास-शाजापुर संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी जितेन्द्र खारडिया सहाब (राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष),ललिता मालवीय मैडम (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ),ओमप्रकाश लाखीवाल (राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष),राजकुमार वर्मा (प्रदेश प्रभारी राजस्थान),हेतराम बुनकर (राष्ट्रीय सचिव), रामलाल मालवीय प्रदेश उपाध्यक्ष राजस्थान,आकाश महरानीया (राष्ट्रीय संयुक्त सचिव) और आगर के पूर्व विधायक लालजी राम मालवीय ने समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक चेतना को जाग्रत करने का काम करते हैं। महासभा के मध्य प्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल राठौर जी ने संगठन की मजबूती और भविष्य की कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

*अतिथियों का भव्य नागरिक अभिनंदन*

कार्यक्रम के दौरान महासभा के प्रांतीय व जिला पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि सहित देश भर से आए विशिष्ट अतिथियों का साफा पहनाकर, शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत व सम्मान किया गया।मंच संचालन व व्यवस्थाओं में प्रदेश महासचिव अशोक कुमार मालवीय, प्रदेश सचिव गोविंद मालवीय, गोकुल प्रसाद मालवीय, मिश्रीलाल गहलोत, अरविंद मालवीय, उज्जैन जिला अध्यक्ष जगदीश मकवाना, पवन गहलोत, अजय सिरोंदिया और जिला महासचिव मनोज मालवीय की सराहनीय भूमिका रही।

*भक्तिमय भजनों पर झूमे श्रद्धालु, विशाल भंडारे में उमड़े हजारों हाथ*

शाम ढलते ही हनुमान मंदिर परिसर कबीर साहब के भजनों से गुंजायमान हो उठा। सुप्रसिद्ध भजन गायकों ने कबीर वाणी और साखियों की ऐसी प्रस्तुति दी कि उपस्थित जनसमुदाय भावविभोर होकर झूम उठा। इस दिव्य आयोजन में दिल्ली प्रदेश, महाराष्ट्र प्रदेश, राजस्थान प्रदेश सहित मध्य प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने कबीर दर्शन को आत्मसात किया। भजन संध्या के पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में हजारों भक्तों ने पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ महाप्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम के अंत में उज्जैन जिला इकाई द्वारा पधारे हुए सभी अतिथियों और सामाजिक बंधुओं का आभार व्यक्त किया गया।
जानकारी अखिल भारतीय बलाई महासभा के प्रदेश कार्यालय सचिव धर्मेंद्र सोलंकी द्वारा दी गई