*प्रदेश नेतृत्व ने युवा कार्यकर्ता पर जताया विश्वास, भाजपा नेताओं ने दी शुभकामनाएं*
उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल की सहमति एवं भाजपा नगर अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल की अनुशंसा से भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम टेलर द्वारा श्री नितिन सेन को भारतीय जनता युवा मोर्चा, उज्जैन नगर का नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इस नियुक्ति के साथ ही भाजपा एवं युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण है। पार्टी नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया है कि श्री नितिन सेन अपने संगठनात्मक अनुभव, सक्रिय कार्यशैली एवं युवाओं के बीच मजबूत संपर्क के बल पर संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे तथा युवा मोर्चा को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नवनियुक्त नगर अध्यक्ष श्री नितिन सेन लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा की विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण एवं निरंतर सक्रियता को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
श्री नितिन सेन की नियुक्ति पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद पूज्य श्री उमेशनाथ जी महाराज, उज्जैन उत्तर विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, भाजपा उज्जैन नगर अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल, महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री नितिन सेन के नेतृत्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा उज्जैन नगर युवाओं को संगठन से जोड़ने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रहित एवं समाजसेवा के कार्यों में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगा।
नवनियुक्त नगर अध्यक्ष श्री नितिन सेन ने प्रदेश एवं संगठन नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करते हुए युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण एवं संगठन विस्तार के लिए संगठित किया जाएगा तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा ने दी ।












