
उज्जैन/ लखेरा समाज द्वारा चैना माता और कुशला माता के पावन अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में एक विशाल एवं भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर माता रानी का अलौकिक एवं दिव्य दरबार सजाया गया, जिसकी अनुपम छटा देखते ही बनती थी। कार्यक्रम में न केवल माता रानी के भक्तों बल्कि श्याम प्रेमियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरा परिसर भक्ति के अनूठे रंग में सराबोर हो गया।
*श्याम बाबा के आगमन से हुआ अलौकिक चमत्कार*
उत्सव का मुख्य आकर्षण माता रानी के भव्य दरबार के साथ-साथ खाटू वाले श्याम बाबा का दिव्य आगमन रहा। बाबा के आते ही पूरा पांडाल जयकारों से गूंज उठा। माँ चैना-कुशला और बाबा श्याम के इस अद्भुत मिलन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। पूरा वातावरण पूरी तरह से ‘माँ मय’ और ‘श्याम मय’ होकर अत्यधिक पावन हो उठा।
*सुप्रसिद्ध भजन गायकों ने बांधा समां झूम उठी जनता*
धार्मिक उत्सव में भजन गायकों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया श्याम लाडली पुष्पा मकवाना ने अपनी जादुई आवाज में माता रानी और श्याम बाबा के ऐसे सुमधुर भजन प्रस्तुत किए कि श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
राकेश जैन,दिलीप पंवार,नारायण मरमट ने एक से बढ़कर एक भजनों की तान छेड़ी, जिस पर माँ के दीवाने और श्याम प्रेमी स्वयं को रोक नहीं पाए और भक्ति में लीन होकर झूम उठे।












