उज्जैन/हाटकेश्वर विहार के सामने स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री दिव्य धाम देवस्थान, श्री खाटू श्याम मंदिर में योगिनी एकादशी का पावन पर्व बेहद हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। एकादशी के इस पावन संयोग पर मंदिर में सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा रहा। बाबा श्याम के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।
इस विशेष अवसर पर खाटू नरेश बाबा श्याम का अत्यंत मनोहारी और अलौकिक श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे सुगंधित पुष्पों, विशेष वस्त्रों और बेशकीमती आभूषणों से सजे बाबा श्याम के अनूठे रूप को देखकर भक्त भावविभोर हो गए। मंदिर की भव्य सजावट और बाबा की मनमोहक छवि हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी।
मीडिया प्रभारी डॉ. गौरव पेड़वा ने जानकारी देते हुए बताया कि धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत तड़के बाबा की भव्य मंगला आरती के साथ हुई। आरती के बाद से ही पट आम दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए गए थे, जिसके बाद पूरे दिन भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं भक्तों ने बाबा के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
संध्या काल में मंदिर में आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद बाबा श्याम की अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। ज्योत के दर्शन के बाद भजनों और कीर्तन का भव्य दौर शुरू हुआ, जो रात्री 10:30 बजे तक चलता रहा।
इस भजनांजलि कार्यक्रम में स्थानीय स्तर के साथ-साथ विशेष रूप से आमंत्रित भजन गायकों ने अपनी मधुर आवाज में एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुतियां दीं। “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” और “खींचो-खींचो रे सांवरिया थारी डोर”,
जैसे सुमधुर भजनों पर श्रद्धालु झूमने और थिरकने पर मजबूर हो गए। समूचा वातावरण पूरी तरह श्याम भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।













