*200 सीटों के साथ 1 से 5 तक की कक्षाएं होगी संचालित*
उज्जैन/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को नागदा में केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर को क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से नागदा एवं आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।
विद्यालय में प्रथम चरण में कक्षा 1 से 5 तक की कक्षाएं संचालित होंगी। प्रत्येक कक्षा में 40 विद्यार्थियों के प्रवेश की व्यवस्था के अनुसार कुल 200 सीटों पर अध्ययन प्रारंभ होगा। इनमें 25 प्रतिशत सीटों पर शिक्षा का अधिकार आरटीई के अंतर्गत पात्र बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा आगामी 3 अगस्त से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।
केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा संचालित विद्यालय देशभर में एक समान पाठ्यक्रम, उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता और आधुनिक शिक्षण पद्धति के लिए प्रसिद्ध हैं। यहां राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों के बौद्धिक, सामाजिक, नैतिक एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
विद्यालय में आधुनिक कक्षाएं, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, खेलकूद तथा सह-शैक्षणिक गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए मजबूत आधार प्राप्त होगा।
केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से विशेष रूप से ऐसे परिवारों को बड़ी सुविधा मिलेगी, जिनका स्थानांतरण विभिन्न स्थानों पर होता रहता है। पूरे देश में एक समान पाठ्यक्रम होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बिना किसी व्यवधान के जारी रह सकेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि अनुशासन, उत्कृष्टता, नवाचार और राष्ट्रीय मूल्यों के संवर्धन का सशक्त माध्यम है। नागदा को मिली यह सौगात आने वाले वर्षों में क्षेत्र के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा प्रदान करेगी।
शुभारंभ अवसर पर कर्नाटक के महामहिम राज्यपाल थावरचंद गहलोत, उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री
गौतम टेंटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया, आलोट विधायक चिंतामणि मालवीय, खाचरोद विधायक तेज बहादुर सिंह, घटिया विधायक सतीश मालवीय, बडनगर विधायक जितेंद्र पंडिया, राजेश धाकड़, प्रदीप उपाध्याय सहित अन्य सभी जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारियों में कमिश्नर आशीष सिंह,एडीजी राकेश गुप्ता,कलेक्टर रौशन कुमार सिंह,पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय उज्जैन मुकेश कुमार मीणा भी मौजूद थे।












