- उज्जैन, न्यूज़, शहर

मोहर्रम पर्व को लेकर उज्जैन पुलिस अलर्ट मोड पर, संवेदनशील क्षेत्रों में निकाला गया फ्लैग मार्च

Spread the love

उज्जैन/ आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज उज्जैन पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) उज्जैन श्री आलोक शर्मा के निर्देशन में किया गया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक माधव नगर श्रीमती दीपिका शिंदे , नगर पुलिस अधीक्षक नानाखेड़ा श्रीमती श्वेता गुप्ता, नगर पुलिस अधीक्षक जीवाजीगंज श्रीमती पुष्पा प्रजापत एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री दीपक मरावी सहित संबंधित थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल उपस्थित रहा।

*🔹फ्लैग मार्च का मार्ग*-

फ्लैग मार्च थाना महाकाल से प्रारंभ होकर बेगमबाग, नलिया बाखल, उपकेश्वर, तोपखाना, दौलतगंज, नई सड़क, निकास, बड़े साहब, खजूरवाली मस्जिद, केडी गेट, गोपाल मंदिर, गुदरी चौराहा, कसाईवाड़ा एवं कोट मोहल्ला सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से होकर पुनः थाना महाकाल पर संपन्न हुआ।

मार्ग के दौरान प्रमुख स्थलों पर अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर आगामी पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की गई।

*🔹फ्लैग मार्च में सम्मिलित बल*-

फ्लैग मार्च में संबंधित थानों की चीता पार्टी, यातायात क्रेन, यातायात मोबाइल, थाना मोबाइल, एलएमजी (LMG) से सुसज्जित ओपन जीप, वज्र वाहन, अश्वारोही दल, दंगा नियंत्रण उपकरणों एवं शोल्डर लाइट से सुसज्जित पुलिस बल, बीडीडीएस (Bomb Detection and Disposal Squad) टीम, डॉग स्क्वॉड टीम, कमांड एंड कंट्रोल वाहन तथा अन्य आवश्यक पुलिस संसाधन शामिल रहे।

*आमजन को दिया सुरक्षा एवं जागरूकता का संदेश*

फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि उज्जैन पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि, अफवाह अथवा शांति भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट एवं भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की परंपरा को बनाए रखें।

*🔹पुलिस प्रशासन की सतत निगरानी*-

मोहर्रम पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग, भ्रमण एवं निगरानी की जा रही है। संबंधित नगर पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की सतत समीक्षा कर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करेंगे।
उज्जैन पुलिस द्वारा आगामी मोहर्रम पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखने हेतु व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं तथा आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

*🔹उज्जैन पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग प्रदान करें।*