- उज्जैन, न्यूज़, राज्य, शहर

पटवारी वाकई में पटवारी है, उन्हें जमीन ही दिखती है- श्री सांखला

Spread the love

भाजपा नेता सुरेंद्र सांखला का पलटवार, कहा- झूठ के सहारे प्रदेश में अपना अस्तित्व तलाश रहा विपक्ष

उज्जैन।/प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सांखला ने कहा कि कांग्रेस झूठ के सहारे मध्यप्रदेश में अपना अस्तित्व तलाश रही है। एक व्यक्ति को टारगेट कर कांग्रेस अपनी राजनीति चमकाना चाहती है, लेकिन आरोप लगाने से पहले उसे अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
सांखला ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की पूंजी है और मुख्यमंत्री भी उसी क्रम में आते हैं। कांग्रेस के शासनकाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अर्जुन सिंह, दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के मुख्यमंत्री कार्यकाल में प्रदेश में विकास की रफ्तार पूरी तरह ठप थी। उस दौरान व्यापारियों, कर्मचारियों और कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने भोपाल गैस कांड और केरवा डैम जैसे मामलों को कांग्रेस शासन की देन बताते हुए कहा कि तब प्रदेश में भ्रष्टाचार, अनीति और जनता के दुखों का राज था।
प्रदेश अध्यक्ष पटवारी पर तंज कसते हुए सांखला ने कहा कि पटवारी वाकई में पटवारी हैं और उन्हें सिर्फ जमीन ही नजर आती है। जो अपनी खुद की विधानसभा नहीं बचा सके, वे नेता जनता को भ्रमित कर धार्मिक उन्माद पैदा करने और जनमत बटोरने का अनैतिक खेल खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार में जनता सुख-समृद्धि की ओर बढ़ रही है और यही बात कांग्रेस को हजम नहीं हो रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि देश में घोटालों का रिकॉर्ड बनाने वाली कांग्रेस को हर जगह घोटाले ही नजर आते हैं। यदि कोई व्यक्ति अपनी आय से उन्नति करता है, तो यह कोई मुद्दा नहीं बनता। कांग्रेस मुख्यमंत्री पर बेबुनियाद आरोप लगाने से पहले अपने 70 साल के शासन का हिसाब दे। जनता सब जानती है।