
उज्जैन । मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन ने उज्जैन स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय के सभा कक्ष में सम्पूर्ण प्रदेश में संचालित पुनर्घनत्वीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की।
समीक्षा के दौरान अध्यक्ष श्री जैन ने मंडल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्घनत्वीकरण योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।
विलंब से चल रही योजनाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अध्यक्ष श्री जैन ने विलंब हेतु उत्तरदायित्व निर्धारण के लिए प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से जबलपुर पुनर्घनत्वीकरण योजना के विलंब पर अनुबंधानुसार शास्ति अधिरोपित करते हुए योजना को शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
साथ ही प्रस्तावित योजनाओं को आगामी माह में आयोजित साधिकार समिति की बैठक में स्वीकृत कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मंडल के आयुक्त गौतम सिंह ने भी कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।
बैठक में मंडल आयुक्त श्री सिंह, अपर आयुक्त महेन्द्र सिंह एवं सम्पूर्ण प्रदेश के उपायुक्त एवं कार्यपालन यंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित थे।
साथ ही स्थानीय कार्यालय के उपायुक्त प्रबोध पराते, कार्यपालन यंत्री निर्मल गुप्ता, यंत्री श्री दिवाकर, सुश्री भूमिका त्रिवेदी तथा मुकेश यादव भी उपस्थित थे।













