उज्जैन में नाबालिक के साथ दुष्कर्म का मामला उजागर होने पर शादी रुकी, दुष्कर्मी की पुलिस को तलाश
उज्जैन- रतलाम/ उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील से कल रतलाम पहुंची एक बारात में उस समय हड़कंप मच गया जब संबंधित थाना क्षेत्र पुलिस के द्वारा वधू पक्ष को फोन पर सूचना दी गई की दूल्हे पर नाबालिक के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। इस सूचना के बाद दूल्हा घोड़ी पर से कूद कर फरार हो गया जिस मामले में पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बड़नगर क्षेत्र की शिक्षक कॉलोनी निवासी अभिषेक सेन कल 8 अप्रैल को अपनी बारात लेकर रतलाम शहर पहुंचा था। दूल्हा घोड़ी पर बारातियों के साथ शादी की रस्म पूरी कर रहा था उसी दौरान वधू पक्ष को सूचना दी गई की अभिषेक सेन पर उज्जैन के बड़नगर थाना में एक नाबालिक से दुष्कर्म किया जाकर उसे गर्भवती करने का मामला पास्को एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। इस सूचना के मिलते ही शादी विवाह का माहौल बिगड़ गया वधू पक्ष को पुलिस ने समझा बूझाकर शादी की रस्म को रोकने के लिए तैयार किया जैसे ही यह जानकारी घोड़ी पर चढे दूल्हे के कानों तक पहुंची वह घोड़ी से कूद कर फरार हो गया।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि अभिषेक सेन के द्वारा नाबालिक से जनवरी के माह में उस वक्त दुष्कर्म किया गया जब वह घर पर अकेली थी उसे डरा धमका कर इस घटना को किसी को भी बताने के लिए मना किया गया था जब पिछले दिनों अभिषेक की शादी की खबर नाबालिक तक पहुंची तो उसने इस शादी का विरोध किया लेकिन अभिषेक ने उसे डराते हुए अपनी शादी को नहीं रोका और बारात लेकर रतलाम पहुंच गया। इसी बीच 6 अप्रैल को नाबालिक के द्वारा इस घटनाक्रम से दुखी होकर आत्महत्या करने की नीयत से एसिड पीकर जान देने की कोशिश की जिसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसका मेडिकल कराने पर स्पष्ट हुआ कि पीड़िता गर्भवती भी है। बताते हैं कि इस मामले का पटाक्षेप करने में एक स्थानीय पार्षद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। घटना के बाद से फरार हुए आरोपी दूल्हे अभिषेक सेन को पुलिस तलाश कर रही है।













