उज्जैन/ यातायात पुलिस ने कालिदास मॉन्टेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्कूल में चलाया यातायात जागरूकता अभियान, छात्रों को दिए ट्रैफिक नियमों की जानकारी और नियमों को पालन हेतु शपथ दिलवाई।
आज उज्जैन यातायात पुलिस द्वारा कालिदास मॉन्टेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात संकेतों और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर डीएसपी ट्रैफिक विक्रम सिंह कंनपुरिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को समझाया कि वाहन चलाना तभी शुरू करना चाहिए जब विधिवत रूप से ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त हो।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न यातायात संकेत चिन्हों और उनके महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना और मोबाइल फोन का प्रयोग न करना जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच यातायात क्विज़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने बड़े उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। क्विज़ के माध्यम से बच्चों की यातायात नियमों की समझ का आकलन किया गया।
इस पहल से विद्यार्थियों में काफी उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने भी संकल्प लिया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
उज्जैन पुलिस का यह प्रयास शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम अन्य स्कूलों और कॉलेजों में आयोजित किए जाएंगे।