- उज्जैन, न्यूज़, शहर

थाना नीलगंगा पुलिस ने 17.25 ग्राम एमडी ड्रग के साथ आदतन बदमाश को किया गिरफ्तार

Spread the love

 

कुल 17.25 ग्राम एमडी ड्रग की अंतर्राष्ट्रीय कीमत करीब 1,50,000 रु है

आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी करीब 08 प्रकरण दर्ज

उज्जैन/ पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा 15 दिवसीय राज्य स्तरीय *एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान* चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के पालन में उज्जैन जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, संग्रहण एवं परिवहन करने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही लगातार की जा रही है।

थाना नीलगंगा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र का आदतन बदमाश करण उर्फ कालू सांवराखेड़ी रोड पर अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स लेकर बिक्री करने की फिराक में खड़ा है।

पुलिस टीम मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान सांवराखेड़ी रोड पर पहुंची, जहां मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम एवं पंच साक्षियों की सहायता से घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम *करण उर्फ कालू पिता राकेश उर्फ चीना जगदेव, उम्र 21 वर्ष, निवासी राजीव रतन कॉलोनी, उज्जैन* बताया। आरोपी को तलाशी संबंधी उसके वैधानिक अधिकारों से अवगत कराया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पहने हुए लोअर की दाहिनी जेब में रखी जिपर पन्नी से भूरे रंग का पाउडरनुमा पदार्थ बरामद हुआ। पदार्थ का वजन इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से करने पर लगभग 17.25 ग्राम एमडी ड्रग्स पाया गया। आरोपी से मादक पदार्थ रखने एवं उसके क्रय-विक्रय के संबंध में वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज मांगे जाने पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

जिस पर से आरोपी करण उर्फ कालू के विरुद्ध धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में मादक पदार्थ की उपलब्धता एवं अन्य संभावित संलिप्तता के संबंध में विवेचना जारी है।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार आरोपी करण उर्फ कालू उर्फ सावन पिता राकेश उर्फ चीना जगदेव, उम्र 21 वर्ष, निवासी राजीव रतन कॉलोनी, उज्जैन के विरुद्ध थाना नीलगंगा में पूर्व से विभिन्न धाराओं में आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध होना अभिलेखों में उल्लेखित है। आरोपी के विरुद्ध मारपीट, हत्या के प्रयास/अन्य गंभीर अपराधों, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में कुल 08 प्रकरण दर्ज होने का विवरण प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त आरोपी के विरुद्ध समय समय पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई है।

आरोपी को पकड़ने में थाना प्रभारी तरुण कुरील,उप निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह, प्रआर सुनील रावत,आर कमल, आर पुष्पराज,आर वीरेंद्र की मुख्य भूमिका रही।