
सफलता लक्ष्य नहीं यह एक यात्रा है – डॉ. सुदाम खाड़े
मीडियाकर्मियों के प्रतिभावान बच्चों का प्रेस क्लब में हुआ सम्मान
इंदौर/ जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। ऐसे में रूकना नहीं हमेशा अपना संघर्ष जारी रखे। इस बार जो बच्चे सफलता के आसपास पहुंचे हैं वे भी अपना प्रयास न छोड़े क्योंकि आपका संघर्ष ही एक दिन आपको सपलता दिलाएगा। यह बात इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कही। वे रविवार को इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित काबिलियत को सलाम कार्यक्रम में बोल रहे थे। श्री सिंह ने कहा कि समाज में बच्चों को आगे लाने और बढ़ाने में उनके अभिभावकों का बहुत संघर्ष होता है। जीवन में सफलता पाने के साथ ही रोल मॉडल बने। किसी भी परिस्थिति में पीछे न हटे। इंदौर प्रेस क्लब के इस सालाना सम्मान समारोह में मीडिया परिवार के कक्षा 5वीं से 12वीं के छात्रों के साथ ही विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले 100 से अधिक बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संभाग आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, वरिष्ठ शिक्षाविद एवं म.प्र. लोकसेवा आयोग की पूर्व सदस्य शोभा पेठनकर, शिक्षाविद श्रीद्धांत जोशी विशेष रूप से उपस्थित थे।
संभाग आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने कहा कि जीवन में सफलता कोई लक्ष्य नहीं है यह एक निरंतर जारी रहने वाली यात्रा है। इसलिए सफलता की यात्रा हमेशा जारी रखें। उन्होंने पत्रकार जीवन के बारे में बच्चों से कहा कि आप जिस पत्रकार परिवार से आते हैं वो बड़ा कठिन है। इसलिए अपने अभिभावकों के संषर्ष याद रखिएं। जीवन में सफलता पाने का समय निश्चित है लेकिन आज के दौर में परीक्षा बहुत है इसलिए हमेशा तैयार रहें।
शिक्षाविद शोभा पेठनकर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि परिवार से बच्चों को संस्कार मिलते है, लेकिन अच्छी शिक्षा मनुष्य का निर्माण करती है, समाज को आगे बढ़ाती है। जीवन में अपना लक्ष्य तय रखने के साथ ही उसे पाने के लिए हमेशा प्रयासरत रहे।
शिक्षाविद श्रीद्धांत जोशी ने अपना उद्बोधन शुरू करने से पहले बच्चों से जीवन में क्या बनना चाहते हैं ऐसे 5 सवाल किए। उनका पांचवां सवाल था कि जीवन में अच्छा इंसान किसे बनने है तो सभागृह में उपस्थित सभी ने हाथ उठाया। इस पर उन्होंने कहा कि समाज में एक अच्छा इंसान ही सबकुछ बन सकता है। विद्यार्थी जीवन में आलस सबसे बड़ा दुश्मन होता है। किसी को मोटिवेट करना मतलब उसे उसकी शक्तियों को याद दिलाना होता है।
आरंभ में इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि बच्चों आपके माता-पिता ने आपको लेकर बहुत सपने देख रखे हैं। इन्हें पूरा करना अब आपका दायित्व है। वे जो सुविधा आपको उपलब्ध करवा रहे हैं, वह आज के समय में कोई आसान नहीं है। आपका दायित्व है कि आप अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करें। यह दौर प्रतिस्पर्धा का है। प्रतिस्पर्धा में बने रहने और विजयी होकर निकलने के लिए यह जरूरी है कि आप अधिक से अधिक ज्ञान प्राप्त करें। यह ज्ञान आपको अपने टीचर्स, पेरेंट्स व सहपाठियों से ही मिल सकता है।

ड्रा के माध्यम से चुने गए 5 लकी विजेता
बीते 15 वर्ष से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में इस बार एक नया प्रयास शुरू किया गया। सम्मानित हुए मेधावी विद्यार्थियों का एक लकी ड्रा प्रोग्राम भी हुआ। सभी बच्चों के नाम की पर्ची बनाकर बॉक्स में रखी गई, जिसे अतिथियों के हाथों से निकवाया गया। 5 बच्चे जिनके नाम पर्ची में आए उन्हें इंडेक्शन कूकर इनाम स्वरूप प्रदान किए गए।
नशे से दूर रहने की ली शपथ
मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान नशे से दूरी, है जरूरी 2.0 से काबिलियत को सलाम कार्यक्रम को भी जोड़ा गया, ताकि समाज विशेषकर बच्चों को नशे के दुष्परिणामों को समझाया जा सके और इस बुराई से उन्हें बचाया जा सके। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कार्यक्रम में मौजूद बच्चों और उनके अभिभावकों नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से 7 करोड़ लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने का लक्ष्य है। वहीं उन्होंने शहर, प्रदेश के साथ देश को 2029 तक ड्रग फ्री बनाने की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने नशा विरोधी अभियान से संबंधित एक प्रजेंटेशन दिया, जिसमें मुख्यमंत्री, डीजीपी, पुलिस कमिश्नर के संदेश भी शामिल थे। अभियान से संबंधित केप और पेम्पलेट का वितरण भी कार्यक्रम में किया गया।
जितने प्रतिशत अंक उतना डिस्काउंट
सम्मान समारोह में इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम के अनुरोध पर एक अनुकरणीय पहल श्रीद्धांत जोशी ने करते हुए घोषणा कि की आज जिन मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान हुआ है, उन्हें प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए उनके परीक्षा में जितने प्रतिशत अंक आए हैं, उतने प्रतिशत डिस्कॉउंट कौटिल्य एकेडमी द्वारा दिया जाएगा। इतना ही नहीं उन्होंने दिवंगत पत्रकार साथियों के बच्चों के लिए नि:शुल्क कोचिंग देने की भी बात कही।
कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्जवलन से हुआ। अतिथियों का स्वागत प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम, उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, प्रियंका पांडेय, महासचिव प्रदीप जोशी, सचिव अभिषेक चेंडके, कोषाध्यक्ष मुकेश तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य अभय तिवारी, प्रमोद दीक्षित, मनीष मक्खर, अंशुल मुकाती, श्याम कामले, विजय भट्ट, नितिन जैन, अभिषेक रघुवंशी और लक्ष्मीकांत पंडित ने किया। इस अवसर पर सहित बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी और उनके परिजन मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप जोशी ने किया और आभार अभिषेक चेंडके ने माना।












