- उज्जैन, न्यूज़, राज्य, शहर

सिंहस्थ-2028 के कार्यों में लापरवाही पर कार्यरत एजेंसी को जुर्माना से किया दण्डित 

Spread the love

 

*कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार स्मार्ट सिटी मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवा ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया*

*झालरिया मठ क्षेत्र में निर्माण एजेंसी पर 50 हजार रुपये एवं भारत माता मंदिर-चौबीस खंभा मार्ग निर्माण कार्य में 74 हजार रुपये की पेनल्टी, संबंधित अधिकारियों पर भी की गई कार्रवाई*

उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के निर्देशानुसार सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति सुनिश्चित करने के लिए स्मार्ट सिटी मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप शिवा द्वारा स्मार्ट सिटी के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित निर्माण एजेंसियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
झालरिया मठ क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विगत 10 दिनों में निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। इस पर संबंधित निर्माण एजेंसी पर 50 हजार रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सहायक यंत्री को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा संबंधित उपयंत्री के तीन दिवस के वेतन की कटौती करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान भारत माता मंदिर से चौबीस खंभा मार्ग तक निर्माणाधीन सड़क कार्य की भी समीक्षा की गई। 24 मीटर चौड़ाई एवं 360 मीटर लंबाई के इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण कार्य में भी अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर संबंधित निर्माण एजेंसी पर 74 हजार रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को कार्य की गति बढ़ाकर निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप सिंहस्थ-2028 से जुड़े विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है। किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित निर्माण एजेंसी एवं अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों एवं अधिकारियों को पर्याप्त संसाधन बढ़ाकर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।