
*मेडिसिटी से लेकर आईटी पार्क तक विकास कार्यों का किया अवलोकन*
उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी उज्जैन नगर द्वारा गुरुवार को “प्रगति पथ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता ई-रिक्शा के माध्यम से शहर में संचालित प्रमुख विकास एवं निर्माण कार्यों का अवलोकन करने निकले।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे हुआ। इस दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उज्जैन में भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों एवं विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। सबसे पहले फ्रीगंज समानांतर ब्रिज का अवलोकन किया गया, जिसके पश्चात निर्माणाधीन मेडिसिटी परियोजना का निरीक्षण किया गया। इसके बाद यूनिटी मॉल, आईटी पार्क तथा 1250 दर्शक क्षमता वाले अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण कार्यों की प्रगति को देखा गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं को प्रत्येक परियोजना की वर्तमान स्थिति, निर्माण प्रगति तथा पूर्ण होने के बाद मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से उज्जैन शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और आधुनिक अधोसंरचना के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में देश प्रदेश में विकास की नई संस्कृति स्थापित हुई है। केंद्र एवं राज्य सरकार की समन्वित विकास योजनाओं के माध्यम से उज्जैन भी तीव्र गति से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। मेडिसिटी जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं, आईटी पार्क के माध्यम से रोजगार के नए अवसर, यूनिटी मॉल के जरिए स्थानीय व अन्य राज्यों के प्रसिद्ध उत्पादों को बाजार तथा आधुनिक ऑडिटोरियम जैसी सुविधाएं शहर के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव, प्रभुलाल जाटवा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी डॉ. राकेश पड्या, जगदीश पांचाल, आनन्दसिंह खींची, कमल बैरवा, प्रमिला यादव, कल्याण शिवहरे, अशोक केथवास, दिनेश जाटवा, राजकुमार बंशीवाल, अनिल शिंदे, प्रियंका सेंगर, सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत एवं विकसित उज्जैन के संकल्प को दोहराते हुए जन-जन तक सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को पहुंचाने का संकल्प लिया। जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा ने दी।













