*सिंहस्थ-2028

*संभाग आयुक्त श्री सिंह ने नियमित निरीक्षण के तहत अचानक ही निर्माणधीन सड़कों की खुदाई कर क्वालिटी की जांच कराई
*संभाग आयुक्त श्री सिंह ने निर्माण मटेरियल की गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया
उज्जैन / सिहंस्थ महापर्व 2028 के विश्व स्तरीय आयोजन के लिए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देश पर विकास कार्यों के साथ सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।
आज नियमित निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ मध्य प्रदेश लोक निर्माण विभाग की केंद्रीय परीक्षण प्रयोगशाला की टीम के साथ निर्माणाधीन नानाखेड़ा चौराहा पर सिक्स लेन सड़क निर्माण कार्य और लालपुल- भूखी माता होकर मुरलीपुरा तक निर्माणाधीन सिक्स लेन सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच अलग -अलग विंदुओ पर कराई।
संभाग आयुक्त श्री सिंह ने बनाई गई सड़क का एक हिस्सा खोद कर निकलाने के बाद प्रयोगशाला में क्वालिटी की जांच कराई। आयुक्त श्री सिंह ने क्वालिटी परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण कर विभिन्न क्वालिटी परीक्षण करने वाली मशीनों की जानकारी भी ली।
संभाग आयुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सिंहस्थ महापर्व के लिए निर्माणाधीन ब्रिज निर्माण, सड़क निर्माण, मार्ग चौड़ीकरण कार्य, शिप्रा नदी पर घाट निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों में निर्माण सामग्री के उपयोग के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।निर्देश दिये की निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमित मॉनीटरिंग करने वाले अधिकारी प्रयोगशाला में जांच कराने के साथ ही जांच रिपोर्ट भी प्रतिदिन की तैयार रखें। संभाग आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि सिंहस्थ के अंतर्गत प्रचलित निर्माण कार्यों में क्वालिटी से किसी तरह का कोई समझौता नहीं होगा।













